TR
खबर वही, जो मायने रखती है
● LIVE
बड़ी खबरें
THE REPORTERS पर ताज़ा खबरों और लाइव अपडेट्स के लिए जुड़े रहें — निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता

मुजफ्फरपुर में सामुदायिक भवन की छत का प्लास्टर गिरा, 9 बच्चों समेत 10 घायल

 मुजफ्फरपुर | The Reporters






मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सामुदायिक भवन की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के वक्त भवन में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। प्लास्टर की चपेट में आने से 9 बच्चों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए।


घटना सहिलाबल्ली पंचायत के भवानीपुर वार्ड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सामुदायिक भवन में करीब चार वर्षों से बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया जा रहा था। गुरुवार सुबह पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में चीख-पुकार शुरू हो गई।



चार बच्चों को SKMCH भेजा गया

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सत्यम कुमार (7), मनीषा कुमारी (10), अलका कुमारी (9) और शिवम कुमार (9) को एसकेएमसीएच भेजा गया।



वहीं, रोशनी कुमारी (5), शिवानी कुमारी (10), बरसा कुमारी (6), सोनाक्षी कुमारी (8) और किरीश कुमार (6) की स्थिति सामान्य बताई गई है। बच्चों को पढ़ाने वाली ट्यूटर संगीता कुमारी भी हादसे में घायल हुई हैं और उनका इलाज चल रहा है।


जर्जर भवन को लेकर पहले भी शिकायत का दावा

स्थानीय पूर्व मुखिया लक्ष्मण ठाकुर के अनुसार, सामुदायिक भवन की स्थिति काफी समय से जर्जर थी। उन्होंने दावा किया कि भवन की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत भी की गई थी, लेकिन सुरक्षा को लेकर आवश्यक पहल नहीं की गई


।हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भवन के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, शिकायतों और प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।


बड़ा सवाल: जर्जर भवनों की जांच कब?

इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहे पुराने और जर्जर सामुदायिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि यदि भवन की स्थिति पहले से खराब थी, तो वहां बच्चों की पढ़ाई जैसी गतिविधियां संचालित होने से पहले उसकी सुरक्षा जांच क्यों नहीं की गई



।अब यह देखना होगा कि प्रशासन की जांच में भवन की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं तथा जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

The Reporters | खबर वही, जो मायने रखती है








अपनी राय दें (Comments)

इस खबर पर टिप्पणी दर्ज करने या अन्य पाठकों के विचार पढ़ने के लिए नीचे टैप करें:

कमेंट लिखें / पढ़ें

टिप्पणियाँ

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें